स्थान : गदरपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


गदरपुर में एसआईआर को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता गदरपुर तहसील परिसर में एकत्र हुए और एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार लीना चंद्रा को सौंपा।


तहसील परिसर में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया में सामने आ रही कथित अनियमितताओं को लेकर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रक्रिया के दौरान आम लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनकी शिकायतों का उचित समाधान नहीं हो पा रहा है।


कांग्रेस नेता त्रिनाथ विश्वास ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर प्रशासन दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की ओर से कुछ अलग जानकारी दी जा रही है, जबकि बीएलओ स्तर पर अलग तरह से काम किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि अधिकारियों और बीएलओ के बीच समन्वय की कमी के कारण जिन लोगों के नाम पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं, उन्हें अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में लोगों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन भी समय पर नहीं मिल पा रहा है।

त्रिनाथ विश्वास ने यह भी आरोप लगाया कि बीएलओ द्वारा दस्तावेज जमा करने के बाद उसकी रिसीविंग उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कागज या दस्तावेज को जमा करने वाले लोगों को उसकी प्राप्ति रसीद मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी होने पर उसका प्रमाण मौजूद रहे।


इस मौके पर पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन ने कहा कि कांग्रेस लगातार एसआईआर प्रक्रिया का अध्ययन और मनन कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया में सामने आ रही खामियों को देखा जा रहा है और जिन लोगों के नाम पर आपत्तियां लगी हैं, उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से उठाया जा रहा है।




पूर्व विधायक ने कहा कि इसी संबंध में शनिवार को तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर आपत्तियों और संबंधित मामलों की उचित जांच की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना उचित जांच के परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही शिकायतों और आपत्तियों का निष्पक्ष तरीके से निस्तारण कराया जाए। साथ ही प्रशासन और बीएलओ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा दस्तावेज जमा करने वाले लोगों को रिसीविंग उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।

