एसएसपी ने जारी किए सुरक्षा निर्देश, वीआईपी रूट पर चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शनिवार को नैनीताल जिले के काठगोदाम और हल्द्वानी क्षेत्र में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।


इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान वीआईपी सुरक्षा, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, वीआईपी रूट और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



ब्रीफिंग में कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा घेरा बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को वीआईपी प्रोटोकॉल के अनुरूप एक्सेस कंट्रोल सुनिश्चित करने और कार्यक्रम स्थल पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया।

सुरक्षा के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के साथ निर्धारित स्थानों पर सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिसकर्मियों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए और इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।


मुख्यमंत्री के आवागमन के दौरान आम जनता को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए यातायात पुलिस और सीपीयू को बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित ट्रैफिक प्लान का प्रभावी ढंग से पालन कराने और यातायात को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।


वीआईपी रूट की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस को सतर्क किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री के निर्धारित मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवरोध या रुकावट न रहे। इसके लिए वीआईपी मूवमेंट से पहले मार्गों का निरीक्षण कर सभी बाधाओं को समय से हटाने के निर्देश दिए गए।




ब्रीफिंग में पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान आमजन और कार्यक्रम में आने वाले लोगों के साथ शालीनता, संयम और विनम्रता से व्यवहार करने को कहा गया। जरूरत पड़ने पर लोगों को उचित मार्गदर्शन देने और सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुविधा का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

एसपी अपराध एवं यातायात ने सभी ड्यूटी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीआईपी ड्यूटी के दौरान आपसी समन्वय और संचार व्यवस्था मजबूत रखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ लालकुआं विमल कुमार, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रभारी निरीक्षक, यातायात पुलिस अधिकारी और वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

