स्थान :बाज़पुर
रिपोटर : विशेष शर्मा


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर की सचिव ममता पंत के निर्देशानुसार राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सुल्तानपुर पट्टी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवाओं, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच और साइबर अपराध सहित विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी दी गई।


कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मंजू नेगी ने किया। शिविर का संचालन पीएलवी बृजवाला शर्मा ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और कानूनी अधिकारों से जुड़े विषयों को समझा।



शिविर के मुख्य वक्ता अपर सिविल जज, न्यायालय बाजपुर, परितोष ने छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में जागरूक करते हुए किसी भी परेशानी की स्थिति में कानून की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।


इस दौरान छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी असहज या संदिग्ध व्यवहार की स्थिति में चुप न रहें और इसकी जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को दें।

कार्यक्रम में पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देने के साथ ही साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए गए। छात्राओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।


शिविर में छात्राओं को साइबर अपराध से संबंधित टोल फ्री नंबर 1930 और अन्य सहायता नंबरों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर छात्राएं बिना डर के संबंधित हेल्पलाइन या विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता ले सकती हैं।



अपर सिविल जज ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से शिक्षा हासिल कर छात्राएं भविष्य में अच्छे पदों पर पहुंच सकती हैं और समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में पढ़ाई में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को उनकी योग्यता के अनुसार पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही छात्राओं से क्षेत्र में किसी प्रकार की समस्या होने की जानकारी भी ली गई और उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

शिविर के अंत में प्रधानाचार्य मंजू नेगी के नेतृत्व में धन्यवाद ज्ञापित किया गया और समूह गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। शिविर में पीएलवी बृजबाला शर्मा, शिवानी, गीता शर्मा, ममता शर्मा, विक्की, निशा परवीन, ईरम जावेद, कायनात, शशि गुप्ता, सुनीता और संगीता सहित विधिक सेवा टीम के सदस्य मौजूद रहे।

