स्थान : भीमताल
रिपोर्टर : संजय जोशी


कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल ब्लॉक के सलेड़ी-खेरोला से खड़की, सिलोटी होते हुए नौकुचियाताल तक प्रस्तावित बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लंबे समय से क्षेत्रीय ग्रामीण इस मोटर मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे। निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।


ग्रामीणों के अनुसार मोटर मार्ग की सुविधा नहीं होने के कारण सलेड़ी, खेरोला, खड़की, सिलोटी और नौकुचियाताल क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों को अपना सामान मुख्य मार्ग तक पहुंचाने के लिए दिक्कत होती थी, जबकि मरीजों को कई बार घोड़े या कंधे के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता था।



नौकुचियाताल जाने वाले ग्रामीणों और पर्यटकों को भी भीमताल होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। इसके कारण भीमताल के तल्ली ताल क्षेत्र में अक्सर यातायात का दबाव बढ़ जाता है और जाम की स्थिति पैदा होती है। बाईपास मोटर मार्ग बनने के बाद नौकुचियाताल की आवाजाही सुगम होने के साथ ही भीमताल में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।


क्षेत्रीय ग्रामीणों ने अपनी समस्या कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने रखी थी। मंत्री ने जनता की मांग को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राज्य योजना के अंतर्गत मोटर मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से मार्ग निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।


शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने कहा कि मार्ग बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।


मंत्री ने कहा कि बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के साथ ही कुमाऊं की जनता को भी लाभ मिलेगा। ग्रामीणों और पर्यटकों के लिए नौकुचियाताल तक पहुंचना आसान होगा तथा भीमताल में लगने वाले जाम से भी काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।



निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर मंत्री का आभार जताया। मंत्री ने भी क्षेत्रीय जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि विकास कार्यों में जनता की सहभागिता और सहयोग महत्वपूर्ण है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण और नए मार्गों के निर्माण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे।


