चकराता में 30 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो कैंपर, 9 लोग घायल

चकराता में 30 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो कैंपर, 9 लोग घायल

लोकेशन : चकराता (देहरादून)
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद के चकराता क्षेत्र में मंगलवार को एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार चालक समेत नौ लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार हादसा चकराता क्षेत्र के सप्लाई तिराहे के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बोलेरो कैंपर ग्राम कुनावा से विकासनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर बाल्मीकि बस्ती की ओर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली चकराता पुलिस की टीम, SDRF जवान और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर वाहन में फंसे और घायल लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी नौ घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया।

इसके बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता भेजा गया। पुलिस के अनुसार घायलों में वाहन चालक अमित चौहान समेत कुल नौ लोग शामिल हैं। सभी का अस्पताल में उपचार जारी है।

राहत की बात यह रही कि हादसा काफी गंभीर होने के बावजूद दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। समय पर रेस्क्यू होने से सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सका।

पुलिस ने हादसे की जानकारी सभी घायलों के परिजनों को दे दी है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बोलेरो कैंपर किस वजह से अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरी।

फिलहाल हादसे के बाद चकराता क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्राथमिक तौर पर घायलों का उपचार कराया जा रहा है और पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे।