उफनती बीन नदी में पलटा मैक्स वाहन, SDRF ने रात में दो लोगों को सुरक्षित बचाया

उफनती बीन नदी में पलटा मैक्स वाहन, SDRF ने रात में दो लोगों को सुरक्षित बचाया

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में देर रात उफनती बीन नदी के तेज बहाव में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में दो लोग फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने अंधेरी रात और नदी के तेज बहाव के बीच साहस का परिचय देते हुए दोनों लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

जानकारी के अनुसार, थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्रांतर्गत पशुलोक बैराज पुलिस चौकी को देर रात सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन तेज बहाव की चपेट में आकर अनियंत्रित होकर पलट गया है। वाहन में दो लोग फंसे होने की जानकारी मिलते ही पोस्ट ढालवाला से अपर उपनिरीक्षक महावीर चौहान के साथ SDRF की रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचते ही SDRF जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरी रात, उफनती नदी और तेज बहाव के बीच जवानों ने बिना समय गंवाए वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इसी दौरान नदी का बहाव और तेज हो गया, जिसके चलते मैक्स वाहन पानी के साथ कुछ दूरी तक बह गया। दूसरा व्यक्ति अभी भी वाहन के अंदर फंसा हुआ था। बढ़ते जलस्तर और विकराल बहाव के कारण रेस्क्यू टीम के सामने चुनौती लगातार बढ़ती जा रही थी, लेकिन जवानों ने हिम्मत नहीं हारी और अभियान जारी रखा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में SDRF की दूसरी टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दोनों टीमों ने आपसी समन्वय और कुशल रेस्क्यू तकनीक के साथ अभियान को आगे बढ़ाया। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू किए गए दोनों व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेज दिया गया। दोनों की पहचान सुखदेव सिंह उम्र 25 वर्ष पुत्र महिपाल सिंह और नरेश रावत उम्र 24 वर्ष पुत्र धन सिंह, निवासी ग्राम धुरघुड़ी बिंदुवासनी, थाना यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।

रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF जवानों ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। तेज बहाव के कारण वाहन के बह जाने और लगातार बढ़ते जलस्तर के बावजूद टीम ने दूसरे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने तक अभियान जारी रखा।

रेस्क्यू टीम में निरीक्षक कविंद्र सजवाण, एपीसी महावीर सिंह, हेड कांस्टेबल दरमान सिंह, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, हेड कांस्टेबल विकास गुसाईं, कांस्टेबल पंकज सिंह, कांस्टेबल दीपक सिंह, कांस्टेबल मातबर सिंह, कांस्टेबल रमेश भट्ट, पीएम अमित कुमार और यूडीआर राहुल कुमार शामिल रहे।

SDRF की त्वरित कार्रवाई और साहस से दोनों लोगों की जान बच गई। उफनती बीन नदी के तेज बहाव और अंधेरी रात में चलाए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक बार फिर SDRF की तत्परता और कुशलता को साबित किया।