सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, शेर नाले पर 9.93 करोड़ की लागत से बने पुल का किया लोकार्पण

सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, शेर नाले पर 9.93 करोड़ की लागत से बने पुल का किया लोकार्पण

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को जनपद नैनीताल के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी चोरगलिया पहुंचे। यहां हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और विभिन्न जनसमस्याओं को सुना। बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य स्थानीय समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर प्रशासन और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाले में नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। करीब 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस पुल के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

बताया गया कि मानसून के दौरान शेर नाला उफान पर आने के कारण इस मार्ग पर आवागमन अक्सर बाधित हो जाता था। नाले में पानी बढ़ने पर क्षेत्रीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

नवनिर्मित पुल के लोकार्पण से अब बरसात के दौरान भी इस मार्ग पर आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ हल्द्वानी, चोरगलिया और सितारगंज के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों तथा क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।

क्षेत्रीय लोगों ने शेर नाले पर पुल निर्माण और उसके लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। लोगों का कहना है कि पुल बनने से मानसून के दौरान आवागमन बाधित होने की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी और क्षेत्र का संपर्क बेहतर होगा।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।