भाजपा निकालेगी तिरंगा यात्रा, 14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

भाजपा निकालेगी तिरंगा यात्रा, 14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रदेश के विभिन्न जनपद मुख्यालयों पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को भी व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है।

कुंदन परिहार ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोगों को अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। इसके लिए पार्टी स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को देश के विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस दौरान विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों और विस्थापन का दर्द झेलने वाले परिवारों को याद किया जाएगा।

परिहार ने कहा कि विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और लाखों लोग अपने घरों से विस्थापित हुए। उन्होंने दावा किया कि करीब 10 लाख लोगों की हत्या हुई, 55 हजार सिख और हिंदू महिलाओं का अपहरण किया गया तथा लगभग डेढ़ करोड़ लोग बेघर हुए थे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को देश के विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रम और उसके दुष्परिणामों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य उस त्रासदी को याद करने के साथ ही भविष्य के लिए उससे सबक लेना भी है।

उन्होंने पार्टी की आगामी बैठकों की जानकारी देते हुए बताया कि 16 अगस्त को कुमाऊं मंडल के मंडल अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों की बैठक हल्द्वानी में आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी।

कुंदन परिहार ने बताया कि 16 अगस्त को कुमाऊं मंडल के दो संसदीय क्षेत्रों अल्मोड़ा और नैनीताल के अंतर्गत आने वाले सांसदों और विधायकों की अलग-अलग बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में संगठन और क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि गढ़वाल क्षेत्र के तीन संसदीय क्षेत्रों के सांसदों और विधायकों की बैठकें 18 अगस्त को निर्धारित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी कार्यक्रमों और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार स्तरवार बैठकें कर रही है।