स्कॉर्पियो में तोड़फोड़, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

स्कॉर्पियो में तोड़फोड़, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में सिल्वर सिटी मॉल के पास खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। घटना 9 अगस्त की रात की बताई जा रही है। हमलावरों ने स्कॉर्पियो का फ्रंट शीशा और चालक पक्ष के दोनों शीशे तोड़ दिए। गनीमत रही कि वारदात के समय वाहन में कोई मौजूद नहीं था।

जानकारी के अनुसार कार स्वामी ने अपनी स्कॉर्पियो को सिल्वर सिटी मॉल के पास खड़ा किया था। इसके बाद वह अपने दोस्त की कार से देहरादून के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान एक वाहन में सवार करीब चार लोग वहां पहुंचे और स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ करने के बाद मौके से फरार हो गए।

कुछ देर बाद कार स्वामी को फोन के माध्यम से वाहन में तोड़फोड़ की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर हमलावरों और वारदात में इस्तेमाल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, कार स्वामी ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि उक्त युवक से उन्हें खतरा है। उन्होंने पुलिस के समक्ष अपनी आशंका जताते हुए मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है।

कार स्वामी का कहना है कि उन्हें आशंका है कि जिस व्यक्ति पर वह आरोप लगा रहे हैं, वह उनके साथ भी गंभीर वारदात कर सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले में कार स्वामी की ओर से कोतवाली रुड़की में तहरीर दी गई है। सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि कोतवाली में एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है।

सीओ ने बताया कि जांच के बाद यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है।