स्थान : भीमताल
रिपोर्टर : संजय जोशी


स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में युवा मोर्चा की ओर से कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में भीमताल झील में वोट द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। यात्रा का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जागृत करना तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करना रहा।


तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राष्ट्रध्वज फहराकर किया। इसके बाद बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। झील में आयोजित इस अनूठी तिरंगा यात्रा ने लोगों में उत्साह और देशभक्ति का माहौल पैदा किया।



रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष किए। देशभक्ति के नारों से भीमताल झील का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। युवाओं और स्थानीय लोगों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भागीदारी की।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल झील में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान के साथ प्रत्येक नागरिक को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

मंत्री कैड़ा ने सभी लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज देशवासियों को एकता और राष्ट्रहित की भावना से जोड़ता है। उन्होंने युवाओं से देश के विकास में सक्रिय योगदान देने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।


राम सिंह कैड़ा ने कहा कि अनुशासन में रहते हुए प्रत्येक व्यक्ति को उत्तराखंड और देशहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी पहचान के साथ-साथ हमारे गौरव, एकता और उन वीरों के बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।



मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी नागरिकों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है।
तिरंगा यात्रा के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने, देश के गौरव और सम्मान की रक्षा करने तथा राष्ट्रहित में सदैव कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान भीमताल झील देशभक्ति के नारों और तिरंगे के रंग में रंगी नजर आई।

