रामनगर में गोकशी गैंग का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रामनगर में गोकशी गैंग का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्टर

गोकशी और गौतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित संगठित गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के आदेश और पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण में गोकशी और गौतस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 5 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक बीरेंद्र बिष्ट ने चेकिंग के दौरान बड़ी मस्जिद के पास स्थित स्लाटर हाउस में कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए। तलाशी के दौरान वहां से करीब 120 किलोग्राम प्रतिबंधित गौमांस और मांस काटने के उपकरण बरामद किए गए।

बरामदगी के आधार पर थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 247/2026 दर्ज की गई। पुलिस ने उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/11 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक रामनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस ने मैनुअल जांच और सर्विलांस के माध्यम से भी आरोपियों की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 9 अगस्त 2026 को पंजाबी कब्रिस्तान पुलिया के पास मालधन रोड, रामनगर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजी पुत्र रियासत अली, उम्र 21 वर्ष, निवासी मीट मार्केट के पास, ब्लोकरोड़, खताड़ी, रामनगर और अयान पुत्र नदीम, उम्र 24 वर्ष, निवासी मीट मार्केट के पास, ब्लोकरोड़, खताड़ी, रामनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को गोकशी और गौतस्करी से जुड़े एक संगठित नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस ने गौवंश उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को भी मामले में नामजद किया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।