

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज

मानसून के सक्रिय होने के साथ ही उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद हालात को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन की ओर से नागरिकों को सुरक्षित स्थानों और आपदा राहत केंद्रों में जाने के लिए लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा है।


हरिद्वार में सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। देर रात से जारी मूसलाधार बारिश के चलते कई स्थानों पर मकान जमींदोज हो गए, जिससे प्रभावित परिवारों में दहशत का माहौल है।



बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ों को काटकर सड़क मार्ग से हटाया गया। इसके बाद कई प्रभावित मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया गया।


सुबह जिन क्षेत्रों में दो मकान ध्वस्त हुए, वहां पुलिस और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए। प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी करते हुए स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और जर्जर मकानों को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए आपदा राहत केंद्रों की व्यवस्था की है, जहां जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित ठहराने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों तथा कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है।


जिला प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अनावश्यक आवाजाही से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित विभागों को सूचना देने की अपील की गई है, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य किया जा सके।

