पौड़ी में बारिश के अलर्ट के बीच डीएम ने संभाली कमान, सभी विभाग हाई अलर्ट पर

पौड़ी में बारिश के अलर्ट के बीच डीएम ने संभाली कमान, सभी विभाग हाई अलर्ट पर

स्थान : पौड़ी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आपदा परिचालन केंद्र से हालात की कमान संभाल ली है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए जिले की व्यवस्थाओं की पल-पल निगरानी करने को कहा है।

जिलाधिकारी ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों की प्रतिक्रिया तत्काल और प्रभावी होनी चाहिए, ताकि समय रहते नुकसान को कम किया जा सके।

डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों और फील्ड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में राहत टीमों, आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही लगातार स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।

बारिश के कारण भूस्खलन और मलबा आने से प्रभावित मार्गों को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी मार्ग पर यातायात तभी बहाल किया जाए, जब संबंधित विभाग द्वारा उसे पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया जाए।

चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मौसम की स्थिति खराब होने पर आवश्यकतानुसार यातायात रोका जाए। साथ ही यात्रियों के लिए भोजन, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने जलभराव वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर ड्रेनेज व्यवस्था की खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने स्पष्ट किया कि आपदा जैसी परिस्थितियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।