

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान और भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जनपद चमोली में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।


मौसम विभाग के अनुसार 10 जुलाई को चमोली सहित उत्तराखंड के कई जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र दौर की भी आशंका व्यक्त की गई है।



राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार आगामी 24 घंटों में जनपद चमोली के कुछ क्षेत्रों में कम से मध्यम स्तर के आकस्मिक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का जोखिम भी बताया गया है। संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।


जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चमोली गौरव कुमार ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी विद्यालयों और समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को निर्देश दिए हैं कि जारी आदेश का सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में आवाजाही करने से बचें। नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।


जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।

