

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जनपद के रुड़की स्थित लंढौरा कस्बे के चांदी चौक क्षेत्र में विजिलेंस टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।


कार्रवाई के दौरान बिजली विभाग और विजिलेंस टीम ने संबंधित परिसर में लगे बिजली मीटर की जांच की। प्रारंभिक जांच में मीटर के साथ कथित छेड़छाड़ की आशंका जताई गई, जिसके बाद विभाग ने पुराने मीटर को उतारकर सीज कर दिया।



लंढौरा विद्युत उपखंड के एसडीओ अनिल गुलशन बलूनी ने बताया कि मीटर में छेड़छाड़ की आशंका के आधार पर उसे जब्त कर जांच के लिए प्रयोगशाला (लैब) भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुराने मीटर की जगह नया मीटर स्थापित कर दिया गया है।


उन्होंने कहा कि लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मीटर के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ हुई थी या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के दौरान देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम की इंस्पेक्टर जोशी और सब इंस्पेक्टर संजीव त्यागी सहित बिजली विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


