

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

राजस्थान में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में देहरादून जनपद के हरबर्टपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।


हरबर्टपुर में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।


कांग्रेस नेता बीना चौहान ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बच्ची को घर छोड़ने के बहाने कथित रूप से अपराधियों के हवाले कर देना मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध के दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम कानूनी सजा दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कानून का सख्ती से पालन किया जाना आवश्यक है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


