

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद में लगातार हो रही बारिश के चलते विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालात का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और जलभराव वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जल निकासी व्यवस्था का आकलन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल राहत एवं जल निकासी कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी जलभराव की समस्या है, वहां बिना किसी देरी के आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।



जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए और बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपिंग और ड्रेनेज व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया।


उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें।

प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें।


