

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। लगातार बारिश के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


शहर के रानीपुर मोड़ रेलवे ओवरब्रिज के नीचे कई फीट तक पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। जलभराव के बीच कई दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच सड़क में ही बंद हो गए, जिसके चलते वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।



बारिश के चलते हरिद्वार के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। सुबह दफ्तर, स्कूल और अन्य जरूरी कामों के लिए घरों से निकले लोगों को जलभराव और यातायात बाधित होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ी।


लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। एहतियात के तौर पर आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें। साथ ही नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।


