

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर गैंडीखाता क्षेत्र में सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। हादसे के समय इस मार्ग से गुजर रही एक रोडवेज बस पुलिया धंसने के कारण उसमें फंस गई, जिससे बस में सवार दर्जनों यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार अचानक सड़क धंसने से बस का पहिया क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गया। यात्रियों ने किसी तरह खुद को संभाला, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना के बाद मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की आवाजाही बाधित रही।



स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिया के निर्माण और रखरखाव में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह स्थिति पैदा हुई। उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए जल्द आवश्यक मरम्मत कार्य कराने का आश्वासन दिया है।
प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर निगरानी बढ़ा दी है और मार्ग को सुचारु करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


