केतन हत्याकांड को लेकर बिंदुखत्ता में आक्रोश, दोषियों को सजा देने की मांग के साथ निकाला मशाल जुलूस

केतन हत्याकांड को लेकर बिंदुखत्ता में आक्रोश, दोषियों को सजा देने की मांग के साथ निकाला मशाल जुलूस

स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

केतन हत्याकांड के सभी आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने और उत्तराखंड में जातिवाद पर प्रभावी रोक लगाने की मांग को लेकर बुधवार देर शाम बिंदुखत्ता के कार रोड बाजार में आक्रोश सभा और मशाल जुलूस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने भाग लेकर घटना के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया।

आक्रोश सभा को संबोधित करते हुए प्रगतिशील युवा संगठन के अध्यक्ष रमेश कुमार ने कहा कि केतन हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ त्वरित न्यायिक प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए और उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे शांतिपूर्ण राज्य में जातिगत भेदभाव और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाली प्रवृत्तियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाना आवश्यक है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने की मांग की।

सभा के बाद लोगों ने कार रोड बाजार में मशाल जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल लोगों ने न्याय की मांग को लेकर नारे लगाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपितों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।