बारिश से गौला बैराज का जलस्तर बढ़ा, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश

बारिश से गौला बैराज का जलस्तर बढ़ा, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब नदियों और जलाशयों पर दिखाई देने लगा है। हल्द्वानी में लगातार हो रही बारिश के कारण गौला बैराज का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को गौला बैराज क्षेत्र में पानी का स्तर बढ़ने से प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

नैनीताल जिलाधिकारी ने लगातार बारिश को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आपदा से जुड़े किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन बंद पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर नजर रखने को कहा है।

गुरुवार सुबह जीरो ग्राउंड से मिली जानकारी के अनुसार करीब 11 बजे तक गौला बैराज का जलस्तर 90,164 क्यूसेक तक पहुंच गया था। लगातार बारिश के चलते गौला नदी उफान पर आ गई है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर गौला बैराज से पानी की निकासी की प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही गौला नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रशासन की ओर से नदी किनारे बसे क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाए, ताकि जनहानि को रोका जा सके।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के आसपास जाने से बचें और किसी भी आपदा संबंधी सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें।