पाटी के विनवाल गांव में लगा बहुविभागीय जनसेवा शिविर, 440 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

पाटी के विनवाल गांव में लगा बहुविभागीय जनसेवा शिविर, 440 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा पखवाड़ा – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बुधवार को चंपावत जिले के विकासखंड पाटी के दूरस्थ क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज विनवाल गांव में बहुविभागीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।

कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मुकेश महराना, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सतीश पाण्डेय और ब्लॉक प्रमुख पाटी शंकर अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दूरस्थ क्षेत्रों में प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने की मुख्यमंत्री की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की।

जिलाधिकारी मनीष कुमार अधिकारियों के साथ दूरस्थ क्षेत्र में पहुंचे और शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया, जिसमें 75 लोगों के शुगर और रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 440 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

इस दौरान चिकित्सा विभाग ने स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं, जबकि आयुष विभाग ने होम्योपैथिक चिकित्सा एवं औषधि वितरण किया। कृषि विभाग की ओर से किसानों को तकनीकी जानकारी और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा विभिन्न प्रमाण पत्रों का निर्गमन, खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने सहित कई जनसेवाओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

शिविर में ग्रामीणों की ओर से कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पेयजल, चैनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत व्यवस्था, सड़क, पुल, विद्यालयों की चारदीवारी, फेंसिंग और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी मांगें प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक शासन और प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करना है, जिससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ऐसे शिविरों के माध्यम से मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ उठाना चाहिए।