मसूरी में बारिश के बीच गिरा विशाल पेड़, कार और तीन स्कूटी क्षतिग्रस्त, टला बड़ा हादसा

मसूरी में बारिश के बीच गिरा विशाल पेड़, कार और तीन स्कूटी क्षतिग्रस्त, टला बड़ा हादसा

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार देर शाम अपर माल रोड स्थित बेकरी हिल के पास अचानक एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से एक कार और तीन स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि घटना के समय किसी भी वाहन में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

पेड़ गिरते ही अपर माल रोड पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद मसूरी पुलिस, फायर सर्विस और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

संयुक्त अभियान के तहत कटर मशीन की मदद से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया। काफी मशक्कत के बाद मार्ग को साफ कर यातायात को दोबारा सुचारु कराया गया। इस दौरान पुलिस और संबंधित विभागों की टीम मौके पर तैनात रही।

फायर सर्विस अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस और वन विभाग के सहयोग से कम समय में पेड़ को हटाकर सड़क को खोल दिया गया, जिससे यात्रियों को अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

वन विभाग के वन दरोगा अभिषेक सजवाण ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई पुराने और कमजोर पेड़ों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। विभाग ऐसे पेड़ों को चिन्हित कर रहा है और समय-समय पर उनकी लॉपिंग तथा आवश्यकता पड़ने पर हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान पेड़ों, कमजोर ढलानों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास वाहन खड़े न करें। साथ ही मौसम खराब होने पर सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही आवागमन करें।