उत्तराखंड के कई जिलों में रेड अलर्ट, आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड के कई जिलों में रेड अलर्ट, आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जारी चेतावनी के अनुसार 8 जुलाई 2026 की रात 10:13 बजे से 9 जुलाई 2026 की रात 1:13 बजे तक अल्मोड़ा, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और जोरदार से लेकर बहुत जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार रामनगर, जसपुर, काशीपुर, सितारगंज, खटीमा, रुद्रपुर, मुक्तेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बारिश की तीव्रता को देखते हुए पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव, भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। प्रशासन को भी सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। विशेष रूप से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।