सुरकंडा माता मंदिर मार्ग पर बारिश का कहर, भूस्खलन से होटल खाई में गिरा

सुरकंडा माता मंदिर मार्ग पर बारिश का कहर, भूस्खलन से होटल खाई में गिरा

स्थान : टिहरी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले के प्रसिद्ध सुरकंडा माता मंदिर मार्ग पर स्थित कद्दूखाल क्षेत्र में भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से एक होटल क्षतिग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार लगातार हो रही बारिश के चलते कद्दूखाल में पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया, जिसकी चपेट में आने से होटल भवन भूस्खलन के साथ नीचे खाई में गिर गया। हादसे के समय होटल में मौजूद लोगों की स्थिति और किसी जनहानि की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। घटना के बाद प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए यात्रियों और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है।