

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी एवं नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में ADB, लोक निर्माण विभाग, एचपीसीएल, पेयजल निर्माण निगम तथा उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (नगर एवं ग्रामीण) के अधिकारियों को मानसून के दौरान सड़कों के रखरखाव और उन्हें गड्ढा मुक्त बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


बैठक में ADB के अधिकारियों को तीनपानी से नरीमन तिराहा, कालूसिद्ध चौराहे से कटघरिया तथा मुखानी चौराहे से कोलटैक्स तक के मार्गों के लिए संबंधित सहायक अभियंताओं की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए अधिकारियों से कहा गया कि वे प्रतिदिन स्थलीय निरीक्षण करें और मानसून के कारण बनने वाले गड्ढों की पहचान कर मौसम अनुकूल होते ही तत्काल उनकी मरम्मत कर सड़कें गड्ढा मुक्त सुनिश्चित करें।


नगर निगम क्षेत्र में ADB द्वारा तीन पैकेजों के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक पैकेज के लिए दो-दो क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित करने के निर्देश दिए गए यह टीमें मानसून और आपदा अवधि के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेंगी तथा जिला आपदा परिचालन केंद्र या अन्य माध्यमों से सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जलभराव, जल निकासी, सड़क क्षति और गड्ढों की मरम्मत जैसे कार्य करेंगी।

पेयजल निर्माण निगम के अधिकारियों को राजपुरा, सुभाष नगर, जगदम्बा नगर और इंदिरा नगर सहित अन्य क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की बैकफिलिंग समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सहायक अभियंताओं को प्रतिदिन निरीक्षण कर वर्षा के दौरान बनने वाले गड्ढों का तत्काल समतलीकरण और कम्पेक्शन कराने तथा मानसून समाप्त होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर इन सड़कों का डामरीकरण कर स्थायी पुनर्निर्माण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में ADB अधिकारियों को जीएसटी कार्यालय, कटघरिया तथा अन्य आवश्यक स्थलों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए इसके अलावा तीनपानी से मंडी मार्ग तक विद्युत पोलों की शिफ्टिंग तथा ह्यूम पाइप बिछाने के कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर निरंतर जारी रखने पर भी जोर दिया गया।

नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून एवं आपदा अवधि के दौरान अपने मोबाइल फोन लगातार चालू रखें, मुख्यालय पर उपलब्ध रहें तथा किसी भी आपात सूचना मिलने पर बिना विलंब घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मानसून के दौरान सड़क, जल निकासी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

