

स्थान : विकासनगर (देहरादून)
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत बुधवार को विकासनगर ब्लॉक परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।


शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न सेवाएं और योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि अन्य शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।


इस दौरान विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान और उपजिलाधिकारी विनोद कुमार ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।

विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


उन्होंने बाल श्रम रोकने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ऐसे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों से कहा कि बाल श्रमिकों के परिवारों को भी विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए, ताकि उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके।



शिविर में मौजूद अधिकारियों ने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही आश्वस्त किया कि जनसमस्याओं के समाधान और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन निरंतर कार्य करता रहेगा।

