मेंटेनेंस के चलते मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे कई दिनों तक रहेंगे बंद

मेंटेनेंस के चलते मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे कई दिनों तक रहेंगे बंद

लोकेशन : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कांवड़ मेले से पहले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी और चंडी देवी मंदिरों के रोपवे का संचालन निर्धारित अवधि के लिए बंद रखा जाएगा। रोपवे का संचालन करने वाली कंपनी उषा ब्रेको ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दोनों रोपवे का अर्धवार्षिक मेंटेनेंस किया जाएगा।

कंपनी के अनुसार, मनसा देवी मंदिर का रोपवे 8 जुलाई से 11 जुलाई तक बंद रहेगा। इस अवधि में रोपवे पर आवश्यक तकनीकी जांच, मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे, ताकि आगामी कांवड़ मेले के दौरान संचालन पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रह सके।

इसी तरह चंडी देवी मंदिर का रोपवे 13 जुलाई से 16 जुलाई तक मेंटेनेंस के लिए बंद रहेगा। इस दौरान भी रोपवे की मशीनरी, ट्रॉलियों, केबल और अन्य तकनीकी उपकरणों की विस्तृत जांच एवं रखरखाव का कार्य किया जाएगा।

रोपवे बंद रहने के दौरान मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पैदल मार्ग का उपयोग करना होगा। प्रशासन और रोपवे प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाने की अपील की है।

कंपनी ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में रोपवे का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित अर्धवार्षिक मेंटेनेंस कराया जाना आवश्यक है, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।

मेंटेनेंस कार्य के दौरान रोपवे और पुलों की गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों की जांच भी की जाएगी। इसके लिए रोपवे और पुलों की देखरेख करने वाली सरकारी संस्था ब्रिडकुल द्वारा नामित अधिकारी मौके पर निरीक्षण करेंगे और सभी सुरक्षा मानकों का परीक्षण करेंगे।

रोपवे प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अस्थायी असुविधा के बावजूद यह कार्य यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। मेंटेनेंस पूरा होने के बाद दोनों रोपवे का संचालन पूर्ववत शुरू कर दिया जाएगा।