हनुमान वेशभूषा में रोड शो का वीडियो वायरल, कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

हनुमान वेशभूषा में रोड शो का वीडियो वायरल, कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

लोकेशन : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

हाल ही में लखनऊ में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के रोड शो के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा पहने एक व्यक्ति के पार्टी का झंडा लेकर नाचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। इस घटना को लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा की आलोचना करते हुए इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

वीडियो के वायरल होने के बाद कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने भाजपा पर धार्मिक भावनाओं के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया है। विपक्ष का कहना है कि राजनीतिक कार्यक्रमों में देवी-देवताओं के स्वरूप का इस तरह उपयोग करना उचित नहीं है और इससे करोड़ों लोगों की आस्था प्रभावित होती है।

उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भी इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के रोड शो में भगवान हनुमान की वेशभूषा में व्यक्ति का इस प्रकार नृत्य करना बेहद आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भगवान राम और भगवान हनुमान करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। ऐसे में किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में उनके स्वरूप का इस प्रकार उपयोग करना श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों के लिए धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल कर रही है, जो लोकतांत्रिक और सामाजिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को धार्मिक आस्था का सम्मान करना चाहिए और उसे चुनावी या राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और राजनीतिक दलों को इससे बचना चाहिए। उन्होंने भाजपा से इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।

उधर, इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर भी विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल भाजपा की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।