

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को सर्किट हाउस काठगोदाम सभागार में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मानसून से पहले सड़क खुदाई, जल निकासी और जनसुविधाओं से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि पेयजल लाइन, सीवर लाइन, नहर, विद्युत केबल और ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के लिए जिन सड़कों की खुदाई की गई है, उन्हें जल्द से जल्द पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पहले पुरानी खुदाई वाले कार्यों को पूरा किया जाए, उसके बाद ही नई सड़कों की खुदाई शुरू की जाए।


राम सिंह कैड़ा ने कहा कि हल्द्वानी का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हिस्सा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शहर के समग्र विकास के लिए 2200 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। इस राशि से विभिन्न विभागों के माध्यम से आधुनिक और व्यवस्थित शहर के निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जिससे हल्द्वानी को नई पहचान मिलेगी।


मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को नालों की सफाई, डिसिल्टिंग और अवरोध हटाने के कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में पंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, वैकल्पिक मार्ग चिन्हित करने, क्षतिग्रस्त सड़कों का पैचवर्क, इंटरलॉकिंग टाइल्स और नाली निर्माण में तेजी लाने के साथ ही फुटपाथों एवं सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाकर वेंडिंग जोन निर्धारित करने को कहा।
मंत्री ने सभी विभागों से प्रत्येक सप्ताह कार्यों की प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर आयुक्त को विकास कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान आम जनता को जलभराव, कीचड़ और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।


बैठक के बाद शहरी विकास मंत्री ने एडीबी के तहत नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने काठगोदाम स्थित कालटैक्स क्षेत्र में सीवरेज, नहर, सड़क और गैस पाइपलाइन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही जमरानी बांध परियोजना के तहत बन रही नहर की सुरक्षा कवरिंग के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा।



निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जल निगम के अधिकारियों को कालटैक्स के निकट सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत शीघ्र पूरी कर सड़क को पूर्ववत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्य स्थलों पर सुरक्षा घेराबंदी, चेतावनी संकेतक और पर्याप्त साइनेज लगाने पर भी जोर दिया। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एडीबी प्रबंधक कुलदीप, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पेयजल निगम, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

