

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब विश्वविद्यालय में ऑनलाइन प्रवेश लेते समय छात्रों को निर्धारित प्रवेश शुल्क के अलावा किसी भी प्रकार का अतिरिक्त भुगतान शुल्क (कन्वीनियंस/पेमेंट चार्ज) नहीं देना होगा। यह सुविधा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और पंजाब नेशनल बैंक, रेलवे बाजार शाखा हल्द्वानी के संयुक्त प्रयासों से शुरू की गई है।


पहले ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करते समय विद्यार्थियों को मूल शुल्क के अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता था, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ जाता था। इस समस्या के समाधान के लिए पंजाब नेशनल बैंक ने अपने तकनीकी सहयोगी PAYU के माध्यम से नया भुगतान गेटवे उपलब्ध कराया है। अब छात्र क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे।



विश्वविद्यालय और बैंक के बीच हुई बैठक में जानकारी दी गई कि नए भुगतान गेटवे के माध्यम से अब तक दो लाख रुपये से अधिक की प्रवेश शुल्क राशि सफलतापूर्वक जमा की जा चुकी है। इस सुविधा से विद्यार्थियों को ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया में सरलता, पारदर्शिता और आर्थिक राहत मिलेगी।


विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हमेशा छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद विद्यार्थियों से ऑनलाइन भुगतान के दौरान अतिरिक्त शुल्क लिए जाने की जानकारी मिली थी, जिसके समाधान के लिए प्रयास किए गए। पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से इस समस्या का स्थायी समाधान हो सका है।
कुलपति ने कहा कि अब विद्यार्थियों को केवल निर्धारित प्रवेश शुल्क ही जमा करना होगा। यह निर्णय विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ को समाप्त करने के साथ ही विश्वविद्यालय की सरल, पारदर्शी और छात्र केंद्रित डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करेगा। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय में किए जा रहे CSR कार्यों के लिए बैंक का आभार व्यक्त किया।

विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ. सुमित प्रसाद ने बताया कि वर्तमान ग्रीष्मकालीन प्रवेश सत्र में अब तक 9,500 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में परीक्षा संबंधी विभिन्न शुल्कों के ऑनलाइन भुगतान को भी इसी पीएनबी भुगतान गेटवे से जोड़ा जाएगा, जिससे छात्रों को और अधिक सुविधा मिलेगी।


बैठक में वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. गिरिजा पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों पर अतिरिक्त भुगतान का बोझ समाप्त होना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने इसे डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने वाला कदम बताया। वहीं पंजाब नेशनल बैंक, रेलवे बाजार शाखा हल्द्वानी की शाखा प्रबंधक बबीता कांडपाल ने कहा कि बैंक विद्यार्थियों को सुरक्षित, सहज और शुल्क मुक्त डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर बैंक की ओर से विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो “हैलो हल्द्वानी” को कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए सैमसंग गैलेक्सी S25 स्मार्टफोन भी भेंट किया गया। बैठक के अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सभी अतिथियों और अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इस सहयोग को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया।

