

स्थान : गरमपानी (नैनीताल)
रिपोर्टर : संजय जोशी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड बेतालघाट के गरमपानी-खैरना में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। विभिन्न विभागों ने एक ही मंच पर पहुंचकर ग्रामीणों को सेवाएं उपलब्ध कराईं।


शिविर के दौरान कुल 180 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से 38 शिकायतें और समस्याएं दर्ज कराई गईं, जिनमें से 32 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



शिविर में ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान, बंदरों के आतंक, आवारा पशुओं की समस्या, विद्युत पोलों पर झूलते तारों, मनरेगा भुगतान, शिप्रा नदी की नियमित सफाई सहित कई स्थानीय समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और योजनाओं का लाभ सरल एवं पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है।

शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का भी लाभ ग्रामीणों को मिला। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 128 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। आयुर्वेद विभाग ने 30 और होम्योपैथी विभाग ने 24 लाभार्थियों को निशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग ने 6 पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल “नई दिशा” नैनीताल ने लोक संस्कृति और गीत-संगीत के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। सूचना विभाग की ओर से योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (अ.प्रा.) रमेश सिंह ने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के लिए संचालित योजनाओं, पेंशन और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी।


उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या ने नागरिकों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, मतदाता सूची, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), आयुष्मान कार्ड, भू-कानून, खाता-खतौनी और ऑनलाइन प्रमाण-पत्रों सहित विभिन्न जनहितकारी व्यवस्थाओं की जानकारी दी और लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। शिविर में ग्राम प्रधान उषा पिनारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, कर्नल (अ.प्रा.) रमेश सिंह, बीडीओ पंकज जोशी, तहसीलदार भुवन भंडारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता सक्सेना, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता दलीप बोरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

