

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

उत्तराखंड युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) कुंदन लटवाल ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और उनकी प्रगति की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों और विभागीय कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी अधिकारियों से ली।


बैठक को संबोधित करते हुए कुंदन लटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं की प्रतिभा को उचित सम्मान दिलाने के साथ ही उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है।



उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए, जिससे सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंच सके।


कुंदन लटवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। अधिकारियों ने विभागीय उपलब्धियों के साथ ही कार्यों के संचालन में आ रही चुनौतियों और आवश्यकताओं की जानकारी भी साझा की। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और योजनाओं के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं की सफलता के लिए बेहतर निगरानी, आपसी तालमेल और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए युवाओं और आम नागरिकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने का आह्वान किया।


बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण के.एन. तिवारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी डी.एन. कांडपाल सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

