बारिश के बीच महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया शहर का निरीक्षण, जल निकासी और सफाई व्यवस्था पर दिए निर्देश

बारिश के बीच महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया शहर का निरीक्षण, जल निकासी और सफाई व्यवस्था पर दिए निर्देश

स्थान : हल्द्वानी (काठगोदाम)
ब्यूरो रिपोर्ट

लगातार हो रही बारिश के बीच हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापौर ने तिकोनिया नैनीताल रोड, कैनाल रोड स्थित जीएसटी भवन के आसपास के क्षेत्र तथा वार्ड संख्या 29 और 30 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नालियों की सफाई, जलभराव की संभावनाओं और नगर निगम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि बारिश के मौसम को देखते हुए नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

महापौर ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में नगर निगम के साथ-साथ नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था और जल निकासी को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम की टीमें लगातार क्षेत्रों में सक्रिय हैं और प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र का प्रत्येक वार्ड स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त रहे। नागरिकों की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर परिस्थिति में लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, नालियों में कचरा न फेंकें और नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।