

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज

देवभूमि हरिद्वार में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी के बाद शहर में जमकर बारिश हुई। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से जहां लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर की कई निचली सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।


बारिश के कारण कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। वहीं, जगह-जगह चल रहे निर्माण कार्यों के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक हुई तेज बारिश से नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था की भी परीक्षा हुई।



लगातार बढ़ते तापमान और उमस से परेशान लोगों के लिए मानसून की यह बारिश राहत लेकर आई है। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। बच्चों में भी बारिश को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और कई बच्चे बारिश में खेलते नजर आए।


किसानों ने भी इस बारिश को फसलों के लिए लाभदायक बताया है। उनका कहना है कि मानसून की अच्छी शुरुआत से खरीफ की फसलों को फायदा मिलेगा और कृषि कार्यों में तेजी आएगी।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है। अगले 24 से 48 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मानसून सक्रिय होने के बाद प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। संबंधित विभागों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकायों को जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने और राहत कार्यों के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।


प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों को सूचना दें।

