

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

विदेश जाकर बेहतर भविष्य बनाने का सपना दिखाकर युवाओं से ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऊधम सिंह नगर में विदेश भेजने के नाम पर एक एजेंट द्वारा तीन युवकों से लाखों रुपये ठगने और विदेश में उन्हें बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। युवकों की वायरल वीडियो ने उनके परिजनों में हड़कंप मचा दिया है।


वायरल वीडियो में विदेश में फंसे तीनों युवक भारत सरकार और स्थानीय पुलिस से मदद की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं। युवकों ने वीडियो में आरोप लगाया कि उन्हें विदेश में नौकरी और अच्छी कमाई का झांसा देकर एजेंट ने लाखों रुपये लेकर भेजा था, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें बंधक बना लिया गया और उनके साथ मारपीट की जा रही है।



पीड़ित युवकों ने वीडियो में बताया कि एजेंट ने विदेश भेजने के नाम पर प्रत्येक युवक से करीब 10-10 लाख रुपये लिए थे। उन्हें वीजा और नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन विदेश पहुंचने के बाद हालात बदल गए। युवकों का आरोप है कि उन्हें न तो नौकरी मिली और न ही आजादी से रहने दिया जा रहा है।


युवकों ने आरोप लगाया कि एजेंट द्वारा परिजनों से और पैसे की मांग की जा रही है। पैसे नहीं भेजने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। वायरल वीडियो में युवक बदहवास हालत में दिखाई दे रहे हैं और मदद के लिए गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें खाना-पानी तक की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद युवकों के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एजेंट तथा उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

सीओ बाजपुर अखिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि विदेश में फंसे युवकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए विदेश मंत्रालय और संबंधित दूतावास से संपर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजन युवकों की सुरक्षित वापसी को लेकर प्रशासन और पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं।

