नैनीताल जिला पंचायत बोर्ड बैठक में 14 करोड़ का बजट पारित, कई विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी

नैनीताल जिला पंचायत बोर्ड बैठक में 14 करोड़ का बजट पारित, कई विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर
: संजय जोशी

जिला पंचायत नैनीताल की बोर्ड बैठक शुक्रवार को सर्किट हाउस, काठगोदाम सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय एवं विकास संबंधी विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक की शुरुआत पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही एवं अनुपालन आख्या की समीक्षा से हुई। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला पंचायत का लगभग 14 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पारित बजट के अनुसार राज्य वित्त मद के अंतर्गत विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग 11 करोड़ रुपये तथा अन्य प्रशासनिक एवं विविध मदों के लिए करीब 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

बैठक में काठगोदाम डाक बंगले में जिला पंचायत कार्यालय स्थापित करने, भीमताल स्थित डाक बंगले का व्यावसायिक उपयोग करने तथा जिला पंचायत के अधीन संचालित दुकानों के किराए में 25 प्रतिशत वृद्धि करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित होने वाली नई चौपाटियों के लिए लाइसेंस शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

बोर्ड ने जिला पंचायत कर्मचारियों को एसीपी एवं पदोन्नति का लाभ दिए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की। वहीं जिला पंचायत सदस्यों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने सहमति जताते हुए इसे अग्रिम कार्रवाई के लिए शासन को भेजने का आश्वासन दिया।

बैठक में वन क्षेत्रों से सटे ग्रामीण इलाकों में जंगली जानवरों से किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर तारबाड़ कराए जाने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इसके अलावा जिला पंचायत के विकास कार्यों में तेजी लाने और जनहित की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आठ वाहनों की व्यवस्था के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। उन्होंने स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वैज्ञानिक एवं दीर्घकालिक कूड़ा निस्तारण योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने, जिला पंचायत की परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण तथा अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, सभी जिला पंचायत सदस्य, अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।