रानीखेत में भाजपा पर बरसे करण माहरा, राम मंदिर चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

रानीखेत में भाजपा पर बरसे करण माहरा, राम मंदिर चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर
: संजय जोशी

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने रानीखेत में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

स्प्रिंग फील्ड कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में करण माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा राम मंदिर के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन अब मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए।

माहरा ने दावा किया कि मंदिर से चांदी के आभूषण और नकदी गायब होने के मामले में बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस दौरान एपस्टीन फाइल का भी उल्लेख करते हुए विभिन्न मामलों में जवाबदेही तय करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने भाजपा सरकार पर भर्ती घोटाले, पेपर लीक, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों के उत्पीड़न और लंबित जांचों को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि इन मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है।

करण माहरा ने यह भी आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले में भाजपा से जुड़े संगठनों की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यदि मामले में सच्चाई है तो दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा राम और धर्म का उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए करती है, जबकि आस्था से जुड़े मामलों में जवाबदेही और पारदर्शिता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने सरकार से इस प्रकरण पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।

पत्रकार वार्ता के दौरान करण माहरा ने घोषणा की कि शनिवार को “रामलला के सम्मान में, कांग्रेस मैदान में” अभियान के तहत रानीखेत में कांग्रेस एक विशाल रैली निकालेगी। उन्होंने बताया कि रैली के माध्यम से पार्टी कथित चढ़ावा चोरी मामले के विरोध में अपना पक्ष जनता के सामने रखेगी।

पत्रकार वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत, पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे तथा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी आवाज उठाती रहेगी।