चंपावत में अत्याधुनिक वेटरनरी हॉस्पिटल का शुभारंभ, घायल और बेसहारा पशुओं को मिलेगा बेहतर उपचार

चंपावत में अत्याधुनिक वेटरनरी हॉस्पिटल का शुभारंभ, घायल और बेसहारा पशुओं को मिलेगा बेहतर उपचार

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले के लोहाघाट में पशु कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को डॉ. एल. डी. भट्ट मेमोरियल वेटरनरी फाउंडेशन का फीता काटकर उद्घाटन किया। यह अस्पताल एनजीओ निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रयासों और राजभट्ट के सहयोग से स्थापित किया गया है।

उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनपद में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस वेटरनरी हॉस्पिटल की स्थापना पशुओं के उपचार और संरक्षण के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि इससे पालतू पशुओं के साथ-साथ घायल और बेसहारा पशुओं को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिनकी मदद से पशुओं का गुणवत्तापूर्ण उपचार किया जा सकेगा। इससे क्षेत्र के पशुपालकों और पशु प्रेमियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पशुओं के अधिकार, सुरक्षा और कल्याण को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों की भावना के अनुरूप यह पहल समाज में पशु संरक्षण और उनके प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देने का कार्य करेगी। उन्होंने सभी से पशुओं के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील भी की।

जिलाधिकारी ने निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा पशु सेवा और संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी से पशु कल्याण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव है।

अस्पताल का संचालन गिरीश चंद भट्ट, किशोर सिंह बिष्ट और अनीता बिष्ट द्वारा किया जाएगा, जबकि पशुओं के उपचार की जिम्मेदारी पशु चिकित्सक डॉ. जतिन खर्कवाल संभालेंगे। अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से विभिन्न प्रकार के पशुओं का उपचार किया जाएगा।

निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि किशोर सिंह बिष्ट ने बताया कि संस्था पहले से ही एक एनिमल रेस्क्यू सेंटर का संचालन कर रही है, जहां घायल, बीमार और पीड़ित पशुओं का रेस्क्यू कर उनका उपचार और देखभाल की जाती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पशु कल्याण से जुड़े कार्यों का दायरा और अधिक बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में संस्था की इस पहल को जनपद में पशु चिकित्सा और पशु संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी कदम बताया गया। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी राजू गढ़कोटी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पशु प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।