हल्द्वानी में पेयजल संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन

हल्द्वानी में पेयजल संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी राजेन्द्र नगर राजपुरा क्षेत्र में नाले के पास पिछले कई दिनों से बने पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर दिखाई दिया। भारी बारिश के बीच क्षेत्रवासियों ने पार्षद प्रतिनिधि हेमन्त साहू के नेतृत्व में छाते लेकर जल संस्थान के खिलाफ रैली निकाली और जोरदार प्रदर्शन करते हुए विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान पार्षद प्रतिनिधि हेमन्त साहू ने आरोप लगाया कि नाले के अंदर से गुजर रही जर्जर पेयजल पाइपलाइन को बदलकर नई लाइन बिछाने की स्वीकृति उनके लगातार प्रयासों से पहले ही मिल चुकी है। इसके बावजूद ठेकेदार और जल संस्थान की लापरवाही के कारण अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि विभागीय उदासीनता का खामियाजा क्षेत्र के करीब 50 परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। लंबे समय से लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों में भारी नाराजगी है।

हेमन्त साहू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू नहीं किया गया और लोगों को पेयजल संकट से राहत नहीं मिली, तो क्षेत्रवासी आंदोलन को और उग्र करने के लिए मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जल संस्थान और संबंधित विभाग की होगी।

भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। महिलाओं और युवाओं ने जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने और नई पाइपलाइन बिछाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया।

प्रदर्शन में पुष्पा देवी, मनीषा आर्या, संगीता आर्या, गुड्डी, पंकज कुमार, शोभित कुमार, नंदी, प्रियंका कश्यप, रिंकू आर्या, पनी राम, ममता देवी, गीता देवी, शकुंतला देवी, रोहित कुमार, गणेश आर्या, विद्या देवी, बसंती देवी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।