

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जागेश्वर धाम में इस वर्ष आयोजित होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है 16 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक प्रस्तावित इस मेले को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।


बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस बार मेले में पिछले वर्षों की तुलना में अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है ऐसे में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी, ताकि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो।



उन्होंने परिवहन व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।


जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु को जागेश्वर धाम से एक सकारात्मक और सुखद अनुभव मिलना चाहिए इसके लिए सभी विभागों को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रहे और पार्किंग का प्रभावी प्रबंधन किया जाए साथ ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जागेश्वर धाम न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र की पर्यटन अर्थव्यवस्था और स्थानीय आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है इसलिए इस मेले का सफल आयोजन जनपद की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है।


बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित मंदिर समिति और अन्य हितधारक प्रतिनिधि उपस्थित रहे सभी ने मेले को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयासों का आश्वासन दिया।

