कमलेश बोरा फिर बने चिलियानौला नगर कांग्रेस अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में हर्ष

कमलेश बोरा फिर बने चिलियानौला नगर कांग्रेस अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में हर्ष

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

चिलियानौला नगरपालिका नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर कमलेश बोरा को एक बार फिर मनोनीत किए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। उनकी पुनर्नियुक्ति के बाद क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर नई ऊर्जा का माहौल देखा जा रहा है।

अपनी नियुक्ति पर भावुक होते हुए कमलेश बोरा ने कांग्रेस परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक बार फिर उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे जीवनभर ऋणी रहेंगे और पूरी निष्ठा के साथ संगठन की सेवा करेंगे।

उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं CWC सदस्य करन माहरा के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व का यह विश्वास उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है।

कमलेश बोरा ने कहा कि वे इस दायित्व को पूरी ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना और संगठन को मजबूत करना रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान बनाए रखना और क्षेत्र की जनता की आवाज को मजबूती से उठाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का संकल्प उन्होंने दोहराया।

कमलेश बोरा ने सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। सभी के सहयोग से वे संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।

गौरतलब है कि कमलेश बोरा इससे पूर्व भी चिलियानौला नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद का सफलतापूर्वक दायित्व निभा चुके हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।

इस अवसर पर रमा माहरा, जिलाध्यक्ष दीपक किरौला, नगर अध्यक्ष रानीखेत उमेश भट्ट, पीसीसी सदस्य कैलाश पांडेय सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त की और उन्हें बधाई दी। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और संगठनात्मक एकता का माहौल देखने को मिला।