

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली से कर्णप्रयाग रेफर की गई एक गर्भवती महिला की 108 एम्बुलेंस में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और धरना शुरू कर दिया।


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि महिला को समय पर उचित उपचार नहीं मिल पाया, जिसके कारण उसकी जान चली गई। इस घटना को स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया जा रहा है।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा स्टाफ की लापरवाही के कारण एक जिंदादिल महिला की जान गई, जिसे रोका जा सकता था। इस घटना ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

लोगों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और जिन चिकित्सकों या कर्मचारियों की लापरवाही सामने आती है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की भी मांग उठाई।


धरना दे रहे लोगों का कहना है कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता, जिससे ऐसी दुखद घटनाएं सामने आती हैं।
फिलहाल अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक ठोस कार्रवाई और सुधार के आश्वासन नहीं मिलते, आंदोलन जारी रहेगा।

