मसूरी में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

मसूरी में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी के मॉल रोड स्थित लवली ऑमलेट सेंटर के पास हुई मारपीट की घटना ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पर्यटक स्थानीय दंपति और उनके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पर्यटकों ने एक भारी प्लास्टिक ट्रे से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला मौके पर ही बेहोश हो गई, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पर्यटक हरियाणा से मसूरी घूमने आए थे, जबकि दूसरा पक्ष मसूरी का स्थानीय निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक विवाद के बाद मामला हाथापाई में बदल गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की थी। हालांकि, अब यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।

आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केवल बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें छोड़ दिया। इसी बात को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल, व्यापार मंडल के महामंत्री, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश रावत और व्यापारी पियूष गोयल सहित कई लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से कानून व्यवस्था पर गलत संदेश जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पर्यटकों द्वारा कानून व्यवस्था भंग करने और स्थानीय नागरिकों पर हमले जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसे घटनाएं बार-बार दोहराई जाएंगी।

फिलहाल मामला चर्चा में बना हुआ है और लोग पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रशासन की ओर से इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।