कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

स्थान : भीमताल
रिपोर्टर : संजय जोशी

भीमताल से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक स्थित रिठा पोखरा में स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ जनसुनवाई कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखीं। लोगों ने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क किया। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी मिले और उन्हें इनका पूरा लाभ प्राप्त हो।

राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।

उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क और जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मंत्री ने विश्वास दिलाया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए सरकार और प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और लोगों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भविष्य में भी इसी तरह प्रयास लगातार जारी रहेंगे।