

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

रामनगर नेशनल हाईवे-309 पर रामनगर-काशीपुर मार्ग स्थित पीरुमदारा के समीप मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुआ। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।


जानकारी के अनुसार, ऊधम सिंह नगर जिले के प्रतापपुर निवासी रविंद्र और कपिल मंगलवार शाम बाइक से रामनगर होते हुए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीरुमदारा के पास एक अज्ञात कार ने कथित रूप से तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।


हादसे के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें एंबुलेंस की सहायता से रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।


सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि दोनों घायलों की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद दोनों को एंबुलेंस से काशीपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था।

बताया गया कि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में रविंद्र की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे घायल कपिल का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इस हादसे से मृतक के परिजनों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।

