पहली ही तेज बारिश में ऊधम सिंह नगर जलमग्न, घरों और विद्यालय में घुसा पानी

पहली ही तेज बारिश में ऊधम सिंह नगर जलमग्न, घरों और विद्यालय में घुसा पानी

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड में मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी एक बार फिर सही साबित हुई। देर रात हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन ऊधम सिंह नगर जिले के कई क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए। बाजपुर, रुद्रपुर और चकरपुर सहित कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाजपुर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति सबसे अधिक गंभीर रही। कई घरों में गंदा पानी भर जाने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि पानी निकासी का रास्ता अवरुद्ध होने के कारण बारिश का पानी सीधे गांव की ओर मुड़ गया और देखते ही देखते घरों में भर गया। तेज बहाव के कारण एक ट्रैक्टर भी पानी में बह गया।

बारिश का असर बाजपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पर भी पड़ा। विद्यालय परिसर में पानी भर जाने से डाइनिंग हॉल, छात्राओं के बेडरूम, स्टोर और अन्य कमरों में पानी घुस गया। इससे विद्यालय की व्यवस्थाएं पूरी तरह प्रभावित हो गईं और छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गांव को जोड़ने वाले मार्ग और पुल निर्माण कार्य के दौरान पानी की निकासी का रास्ता बंद कर दिया गया था। इसी कारण बारिश का पानी गांव की ओर मुड़ गया और घरों में गंदा पानी भर गया। ग्रामीणों ने कहा कि इस स्थिति से उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है और आगे की बारिश को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि रातभर हुई बारिश के बाद उन्होंने प्रशासन को सूचना दी, लेकिन राहत दल कई घंटे बाद मौके पर पहुंचा। उनका कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी की व्यवस्था की जाती तो इतना नुकसान नहीं होता। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।

एसडीएम बाजपुर अमृता शर्मा ने बताया कि पुल निर्माण कार्य के चलते पानी गांव में घुस गया था। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं निकासी कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कुछ घंटों में जलभराव की स्थिति सामान्य कर दी जाएगी तथा भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

रुद्रपुर के जफरपुर क्षेत्र में भी देर रात हुई बारिश के बाद जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कई घरों और गलियों में पानी भर गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों पर समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाया।

मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी, जो अब सही साबित हुई है। पहली ही तेज बारिश में कई इलाकों में जलभराव और अव्यवस्थाओं के सामने आने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी और बुनियादी ढांचे की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो मानसून के आगामी दौर में हालात और गंभीर हो सकते हैं।