एरोली के ग्रामीणों का तहसील में प्रदर्शन, सड़क निर्माण न होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

एरोली के ग्रामीणों का तहसील में प्रदर्शन, सड़क निर्माण न होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

स्थान : एरोली
रिपोर्टर : संजय जोशी

वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की मांग पूरी न होने से नाराज एरोली गांव के ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 20 से 25 वर्षों से सड़क निर्माण को लेकर केवल आश्वासन मिलते रहे हैं, लेकिन आज तक धरातल पर कोई काम नहीं हो सका है उनका आरोप है कि सड़क न होने के कारण बरसात के मौसम में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि सबसे अधिक दिक्कत मरीजों, गर्भवती महिलाओं और स्कूली बच्चों को होती है, जिन्हें कई बार पैदल लंबा सफर तय करना पड़ता है सुविधाओं के अभाव में गांव से पलायन भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे क्षेत्र की स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे आगामी विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे ग्रामीणों ने सरकार से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।

इसी बीच गांव में पूर्व में हुई एक बैठक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक और ग्रामीणों के बीच सड़क निर्माण को लेकर चर्चा होती नजर आ रही है इस वीडियो के वायरल होने के बाद मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की जाए ताकि वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सके और गांव के लोगों को राहत मिल सके।