कोटद्वार में भाजपा के वरिष्ठ नेता का बयान, संगठन पर लगाए उपेक्षा के आरोप

कोटद्वार में भाजपा के वरिष्ठ नेता का बयान, संगठन पर लगाए उपेक्षा के आरोप

स्थान : कोटद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

भाजपा के भीतर असंतोष की आवाजें अब खुलकर सामने आने लगी हैं। कोटद्वार से वरिष्ठ भाजपा नेता भुवनेश खर्कवाल ने पार्टी संगठन और प्रदेश नेतृत्व पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है उनके बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

भुवनेश खर्कवाल ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान नहीं मिल रहा है उन्होंने कहा कि यदि पद पाने के लिए “परिक्रमा करनी पड़े” तो यह उनके आत्मसम्मान के खिलाफ है।

वरिष्ठ नेता ने कहा कि उन्होंने उस समय पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई जब क्षेत्र में कांग्रेस का एकछत्र प्रभाव था उनके अनुसार, पुराने कार्यकर्ताओं की मेहनत और संघर्ष के कारण ही भाजपा आज प्रदेश में सत्ता में है और “डबल इंजन” सरकार का आधार मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि संगठन को चाहिए कि नए चेहरों को मौका देने के साथ-साथ पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानजनक स्थान दे खर्कवाल ने मांग की कि जहां पार्टी चार नए चेहरों को अवसर दे रही है, वहीं कम से कम दो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।

उनके इस बयान ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। हालांकि पार्टी की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।