108 एम्बुलेंस में गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने जताई लापरवाही की आशंका

108 एम्बुलेंस में गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने जताई लापरवाही की आशंका

स्थान : थराली
ब्यूरो रिपोर्ट

चमोली जिले के थराली क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रेफर की गई एक गर्भवती महिला ने 108 एम्बुलेंस में ही दम तोड़ दिया कर्णप्रयाग अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कुराड़ के आफर तोक निवासी सरिता देवी (35 वर्ष) पत्नी नरेंद्र कुमार को सोमवार सुबह करीब 8 बजे प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लाया गया था परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की नाइट ड्यूटी के कारण महिला का चेकअप करीब 11 बजे किया गया इसके बाद पहले अस्पताल में ही डिलीवरी कराने की बात कही गई, लेकिन बाद में स्थिति गंभीर बताते हुए महिला को कर्णप्रयाग रेफर कर दिया गया।

परिजनों का कहना है कि लगभग 3 बजे महिला को कर्णप्रयाग के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में नारायणबगड़ के बगोली क्षेत्र के पास 108 एम्बुलेंस में ही महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई कर्णप्रयाग अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के भाई पप्पू सोलियाल ने आरोप लगाया कि इलाज में देरी और समय पर उचित चिकित्सा सुविधा न मिलने के कारण यह दर्दनाक घटना हुई उन्होंने यह भी बताया कि एम्बुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर और पंखे जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

ग्राम प्रधान लेटाल चमेली देवी ने बताया कि मृतका सरिता देवी अपने पीछे दो बच्चे—15 वर्षीय नितिन कुमार और 8 वर्षीय पायल—को छोड़ गई है, जो अब बेसहारा हो गए हैं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।

फिलहाल मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है परिजनों ने मामले में जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही गई है।